गैस वितरण व्यवस्था को लेकर गैस वितरण एजेंसियों के साथ बैठक


उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न गैस वितरक एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री मुरली यादव भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान एसडीओ ने सभी गैस एजेंसियों को गैस सिलेंडर वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बरतने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी परिस्थिति में गैस की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा इस तरह की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से उन छात्रों की सुविधा पर जोर दिया जो हजारीबाग में हॉस्टल अथवा लॉज में रहकर अध्ययन कर रहे हैं। ऐसे छात्रों को शिक्षण संस्थान के पहचान पत्र के आधार पर एफटीएल (छोटा गैस सिलेंडर) उपलब्ध कराने का निर्देश सभी एजेंसियों को दिया गया।

उन्होंने गैस आपूर्ति की समय-सीमा को भी स्पष्ट करते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता द्वारा आवेदन के अधिकतम 45 दिनों के भीतर तथा शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों के भीतर बुकिंग के उपरांत गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। सभी एजेंसियों को इन निर्धारित समय-सीमाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी बताया गया कि गैस सिलेंडर आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत उपभोक्ता सीधे जिला आपूर्ति पदाधिकारी, हजारीबाग से कर सकते हैं।

जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।