हजारीबाग पुलिस की बड़ी सफलता: बड़कागांव लूट और फायरिंग कांड का खुलासा, 7 शातिर अपराधी गिरफ्तार


हजारीबाग पुलिस ने बड़कागांव थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट और गोलीबारी की घटना का सफल उद्भेदन कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के 7 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, फरवरी माह में नंदनी ज्वेलर्स के मालिक पर फायरिंग कर अपराधियों ने गहनों से भरा झोला लूट लिया था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन (IPS) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। सूचना मिली थी कि अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए बड़कागांव-हजारीबाग मार्ग पर घात लगाकर बैठे हैं।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मौके से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ में इन अपराधियों ने लूट और फायरिंग समेत अन्य कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

जांच में सामने आया कि पूरे कांड की साजिश बड़कागांव निवासी संदीप कुमार सोनी ने रची थी। उसने 5 फरवरी को योजना बनाई और 7 फरवरी को अपने साथियों विनोद कुमार भुइयाँ, प्रिंस यादव और राहुल कुमार के साथ मिलकर नंदनी ज्वेलर्स के मालिक से लूटपाट की। विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग भी की और चतरा की ओर फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में कुल 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें विनोद कुमार भुइयाँ, प्रिंस यादव, तेजू कुमार भोक्ता, साकिन्दर कुमार गंजु (बाइक मालिक), रामधनी ठठेरा, संदीप कुमार सोनी (मुख्य साजिशकर्ता) और विशाल शांताराम शामिल हैं।

बरामदगी में शामिल: देशी पिस्टल – 01, जिंदा गोली – 13, मोबाइल फोन – 03, अपाचे मोटरसाइकिल – 01 (लूट में प्रयुक्त)

इस पूरे ऑपरेशन में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस अन्य अपराधियों के नेटवर्क और लूटे गए जेवरों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।