हजारीबाग में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 53 ठिकानों पर छापेमारी, हजारों लीटर जावा महुआ नष्ट


हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए जिलेभर में सख्त कार्रवाई की है। दिनांक 24/25-04-26 की रात सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 53 स्थानों पर कार्रवाई की गई।

इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों की मौजूदगी में कुल 36 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में 166 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे, जिन्होंने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर अवैध शराब के ठिकानों को निशाना बनाया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 8435 लीटर जावा महुआ को नष्ट किया, वहीं 80 लीटर देशी शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई के बाद जिले के विभिन्न थानों में 14 सन्हा दर्ज किए गए हैं, जबकि 01 मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके इलाके में कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या कारोबार हो रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।