मानवता की सेवा में किए गए समर्पित प्रयास जब नई मिसाल कायम करते हैं, तो समाज भी उन्हें सम्मान की ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। ऐसा ही गौरवपूर्ण क्षण हजारीबाग में उस समय देखने को मिला, जब हजारीबाग जिले की सामाजिक संस्था हजारीबाग यूथ विंग को सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान 13 अप्रैल को आयोजित भव्य रक्तदान शिविर में 326 यूनिट रक्त संग्रह की ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रदान किया गया, जो जिले का अब तक का सबसे बड़ा रक्तदान शिविर साबित हुआ।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है, जो जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। हजारीबाग यूथ विंग का यह कार्य न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक भी है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों को नई जिंदगी मिलती है और इससे समाज में संवेदनशीलता और सेवा भावना को मजबूती मिलती है। साथ ही उन्होंने संस्था की संगठन क्षमता, समर्पण और सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य सामाजिक संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत बताया तथा पूरी टीम और सभी रक्तदाताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा के कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं। सम्मान के दौरान ब्लड बैंक के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नीरज कुमार,आर खेरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान गर्व और उत्साह का वातावरण बना रहा और सभी ने इस उपलब्धि को मानवता की सेवा की एक बड़ी मिसाल के रूप में सराहा। हजारीबाग यूथ विंग लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और अन्य जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है, जो इसकी पहचान बन चुके हैं। रक्तदान शिविर में हजारीबाग पुलिस विभाग का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ वही रेड क्रॉस सोसाइटी एवं सदर अस्पताल हजारीबाग की टीम द्वारा रक्त संग्रह किया गया। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और युवाओं को समाज सेवा के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि इस शिविर में सभी वर्गों की भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में सेवा की भावना आज भी जीवित है। संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि यह सम्मान संस्था के प्रत्येक सदस्य और सभी रक्तदाताओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि हजारीबाग यूथ विंग भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ मानवता की सेवा में निरंतर कार्य करती रहेगी और जरूरतमंदों के जीवन में आशा की नई किरण जगाती रहेगी। इस अवसर पर उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खंडेलवाल, संस्था के मार्गदर्शक जयप्रकाश खंडेलवाल,कार्यकारी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन,सत्यनारायण सिंह और अजीत चंद्रवंशी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
