हजारीबाग, 21 मार्च 2026:
झारखंड का सबसे बड़ा जनजातीय प्रकृति पर्व सरहुल आज पुलिस केन्द्र हजारीबाग में पूरे पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारीबाग के उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह (IAS) एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन (IPS) की उपस्थिति में जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी तथा महिला पुलिसकर्मियों ने सरना स्थल पर पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सरहुल पूजा सखुआ (साल) के फूलों की सुगंध और मांदर की थाप के बीच हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित शोभायात्राओं ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। सरना स्थल पर पाहन द्वारा सखुआ के फूलों की पूजा कर प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त किया गया और सुख-समृद्धि की कामना की गई।
इस पावन अवसर पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। समारोह में सभी उपस्थित पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने प्रकृति के इस महापर्व को उत्साहपूर्वक मनाते हुए जनजातीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
