हजारीबाग जिले में प्रकृति पर्व सरहुल की धूम के बीच जब हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल झंडा चौक पर सरहुल के मुख्य शोभायात्रा में शामिल हुए तो जुलूस में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बना। यहां सांसद मनीष जायसवाल श्रद्धालुओं के साथ जमकर थिरके। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के आदिवासी सरना समाज के लोगों का विशाल जनसैलाब जब हजारीबाग की सड़कों पर उतरा तो ऐसा लगा मानो भारतीय मूलवासी की संस्कृति जीवंत हो रही हो। झांकियों में झारखंडी संस्कृति सभ्यता के साथ आदिवासी परंपरा की झलक जीवंत होती दिखी। सांसद मनीष जायसवाल सरहुल के रंग में सराबोर दिखे और गले मिलकर एवं अबीर गुलाल लगाकर एक दूजे को सरहुल की बधाई दी। बड़े ही अनुशासित तरीके से कतारबद्ध कारवां में ढोल-ताशे, मांदर- नगाड़े और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ डीजे पर सरहुल के गीतों में लोग खूब थिरके।
सांसद मनीष जायसवाल ने झंडा चौक पर स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को पेयजल और जूस पिलाया एवं उनका हृदयतल से अभिनंदन किया। मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सरहुल पर्व भारतीय आदिवासी सभ्यता और संस्कृति के साथ प्रकृति के संरक्षण का संदेश पूरे समाज को देती है। यह हमारे अंदर उत्साह उमंग व जोश भरने के साथ जीवन जीने की कला भी सिखाती है। मौके पर सांसद मनीष जायसवाल के साथ विशेषरूप से हजारीबाग के मेयर अरविंद कुमार राणा, डिप्टी मेयर अविनाश कुमार यादव सहित भाजपा के कई गणमान्य नेता, कार्यकर्ता और शुभचिंतक मौजूद भी यहां पहुंचे और श्रद्धालुओं के बीच अपनी सेवा देकर उनका उत्साह बढ़ाया ।
