रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, दंडाधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण


रामनवमी पर्व के अवसर पर निकलने वाली शोभा यात्रा को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला नियंत्रण कक्ष में उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान सभी दंडाधिकारियों को उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए निर्देशित किया कि शोभा यात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जुलूस मार्ग पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने बताया कि रामनवमी के दिन जिला नियंत्रण कक्ष से सभी प्रमुख चौक चौराहों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जुलूस मार्ग एवं जुलूस की गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष शोभा यात्रा में शामिल सभी वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे वाहनों की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि जीपीएस ट्रैकिंग व्यवस्था के माध्यम से जुलूस मार्ग पर संभावित जाम एवं अन्य बाधाओं की पहचान कर समय रहते समाधान किया जा सकेगा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शोभा यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ करें।