रामनवमी पर हजारीबाग में हिंसा से दहशत, गदोखर में युवक की हत्या, कई घायल


हजारीबाग रामनवमी के पावन अवसर पर हजारीबाग में हुई हिंसक घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। कटकमसांडी प्रखंड के गदोखर पंचायत में शुक्रवार देर रात हुई निर्मम हत्या की घटना के बाद शनिवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। बताया जाता है कि गदोखर पंचायत के मुखिया नारायण साव के भाई राम कुमार साव उर्फ रामा साव (करीब 40 वर्ष) पर गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों ने भुजाली से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सांसद मनीष जायसवाल ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि मामले में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। साथ ही उन्होंने आमजनों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि रामनवमी जैसे पावन पर्व को आपसी वैमनस्य का माध्यम नहीं बनने देना चाहिए और भगवान श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण करते हुए भाईचारे के साथ पर्व मनाना चाहिए। इसी क्रम में शुक्रवार देर रात ब्रह्मऋषि समाज, हजारीबाग के संस्थापक अध्यक्ष सह दीपुगढ़ा निवासी मुकेश कुमार सिंह पर हुए भुजाली हमले की सूचना मिलने पर सांसद मनीष जायसवाल आरोग्यम अस्पताल पहुंचे और उनकी स्थिति का जायजा लिया। चिकित्सकों के अनुसार मुकेश कुमार सिंह का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। सांसद ने परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया तथा चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने अन्नदा कॉलेज के प्रोफेसर विवेक कुमार शर्मा से भी मिलकर उनका हालचाल जाना और दोनों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही शुक्रवार देर रात सांसद मनीष जायसवाल ने अपने मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी को अस्पताल भेजा। रिमझिम बारिश के बीच रंजन चौधरी आरोग्यम अस्पताल पहुंचे और मुकेश कुमार सिंह के इलाज को लेकर चिकित्सकों से बातचीत की। इसके बाद वे सदर अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मिले और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। रामनवमी का दिन इस बार हजारीबाग के लिए बेहद दुखद साबित हुआ। दीपूगढ़ा में चाकूबाजी की घटना से शुरुआत हुई, वहीं शहर में एक जुलूस के दौरान एक व्यक्ति के सीने में चाकू मार दिया गया, जिसे गंभीर हालत में हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल से रिम्स रेफर किया गया। इसी बीच गदोखर गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवक की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय नजर आया। अस्पताल में देर रात तक कटकमसांडी के सीओ अनिल कुमार गुप्ता, पेलावल थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय, कोर्रा थाना प्रभारी अजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि रंजन चौधरी की बातचीत पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन से भी हुई, जिसमें एसपी ने स्पष्ट कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन जहां हालात सामान्य करने में जुटा है, वहीं जनप्रतिनिधि भी लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में रहकर उन्हें हर संभव सहयोग देने का प्रयास कर रहे हैं।