रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, बेलतू एवं महुदी के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च


रामनवमी पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। इसी क्रम में आज 23 मार्च को उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन द्वारा बड़कागांव एवं केरेडारी प्रखंड का दौरा कर बेलतू एवं महुदी के संवेदनशील क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आमजनों को माइकिंग के माध्यम से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। लोगों से अपील की गई कि वे पर्व को आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री संतोष कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस श्री आनंद शर्मा, भू अर्जन पदाधिकारी श्री निर्भय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री बैद्यनाथ कामती, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती मां देव प्रिया, डीपीआरओ श्री रोहित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद थे।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई है।