हजारीबाग: प्रकृति के पावन पर्व सरहुल के अवसर पर आज स्थानीय सरहुल मैदान में पारंपरिक रीति-रिवाजों और अपार उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस उत्सव में क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और आदिवासी परंपराओं की अनुपम झलक देखने को मिली।
इस विशेष अवसर पर सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष महेंद्र उरांव (बैंक), मुख्य पहान बंधन तिग्गा एवं सरहुल पूजा समिति के अध्यक्ष पवन तिग्गा ने अंग वस्त्र भेंट कर और पारंपरिक विधि-विधान से उनका भव्य स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुन्ना सिंह ने कहा, "सरहुल केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति, साल (सखुआ) वृक्ष और धरती माता के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। आदिवासी समाज का यह पर्व हमें प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर रहने की सीख देता है। नई फसल और हरियाली की कामना का यह उत्सव हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।"
उत्सव के दौरान पारंपरिक मांदर की थाप पर युवक-युवतियों ने मनमोहक नृत्य और गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा माहौल उल्लासपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया और सामूहिक रूप से प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया।
मुख्य रूप आदिवासी नेता विक्की कुमार धान युवा कांग्रेस की नेत्री कमल राज दिनेश यादव आदि लोग मौजूद रहे।
