
हजारीबाग भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर शहर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस दौरान हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चन्द्र प्रकाश जैन ने एक बार फिर सारथी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार 24वीं बार उन्हें यह दायित्व मिलने पर उन्होंने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण और सौभाग्यशाली क्षण बताया। चन्द्र प्रकाश जैन ने कहा कि यह सब भगवान महावीर की असीम कृपा और आशीर्वाद का परिणाम है, जिसके कारण उन्हें बार-बार इस पुण्य कार्य में शामिल होने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने भगवान महावीर के सिद्धांतों अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और करुणा को मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि इन्हें अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान की कृपा से उनके सभी कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो रहे हैं और वे स्वयं को धन्य महसूस करते हैं कि उन्हें निरंतर समाज और धर्म की सेवा का अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी लता जैन पांड्या ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए इसे पूरे परिवार के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय बताया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि आज उनके पतिदेव को 24वीं बार श्रीजी की सवारी का सारथी बनने का अवसर मिला है, जो ईश्वर की असीम अनुकंपा का परिणाम है। उन्होंने प्रार्थना की कि आने वाले समय में यह संख्या और बढ़े तथा 48 से भी अधिक बार उन्हें इस पावन सेवा का अवसर प्राप्त हो। साथ ही उन्होंने कामना की कि भगवान महावीर का आशीर्वाद उनके परिवार सहित समस्त हजारीबाग वासियों पर सदैव बना रहे और सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि बनी रहे। अंत में चन्द्र प्रकाश जैन ने महावीर जयंती के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन, समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर श्रीजी का आशीर्वाद लेने के लिए सांसद मनीष जायसवाल, महापौर अरविंद कुमार राणा, उपमहापौर अविनाश यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहें। सभी श्रद्धालुओं से भगवान महावीर के उपदेशों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने की अपील की।