शिक्षा के बिना विकास संभव नहीं” – यह बात विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत सारुकुदर पंचायत के मुखिया श्री उत्तम महतो ने आज नगर भवन, हजारीबाग में आयोजित “मुखिया सम्मेलन 2025-26: जन भागीदारी” कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने शिक्षा को समाज के समग्र विकास का आधार बताते हुए जनप्रतिनिधियों से इसमें सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
झारखंड शिक्षा परियोजना, हजारीबाग द्वारा आयोजित इस सम्मेलन का शुभारंभ जिला शिक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग, जिला शिक्षा अधीक्षक, हजारीबाग एवं अतिरिक्त कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना तथा उपस्थित मुखियागणों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग ने कहा कि विद्यालयों के विकास योजनाओं का निर्माण एवं उसका प्रभावी क्रियान्वयन जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि विद्यालयों के प्रमुख हितधारक हैं और उनके द्वारा नियमित मूल्यांकन एवं निरीक्षण से शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सकता है।
जिला शिक्षा अधीक्षक, हजारीबाग ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी का एकमात्र लक्ष्य बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन एवं उनका विद्यालय में ठहराव सुनिश्चित करना है। इसके लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
सम्मेलन के दौरान जनप्रतिनिधियों को उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों के संबंध में पॉवर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें पोषक क्षेत्र के सभी बच्चों का नामांकन, ठहराव, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विशेष बल दिया गया। साथ ही “ठहराव हेतु प्रयास” कार्यक्रम, शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी एवं “सिटी बजाओ-बच्चा बुलाओ” अभियान को सफल बनाने हेतु सहयोग की अपील की गई।
कार्यक्रम में सामाजिक कुरीतियों जैसे नशा मुक्ति एवं बाल विवाह उन्मूलन पर भी जोर दिया गया। इको क्लब, जल सेना एवं बाल संसद के माध्यम से विद्यालयों में हरियाली, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन को बढ़ावा देने में जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न प्रखंडों से आए उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखियाओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रभाग प्रभारी श्री अजय कुंडू, सी-3 संस्था से श्री अभिनव कुमार, क्षेत्र प्रबंधक श्री कुमार पी. गौरव, संकुल साधन सेवी श्री प्रविंद कुमार सिंह, श्री अजय नारायण दास, श्री ओम प्रकाश कुमार, श्री आनंद कुमार, सुश्री मीनाक्षी अनुष्का एवं श्री प्रभु कुमार साव की भूमिका सराहनीय रही।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से बच्चों के नामांकन एवं उनके ठहराव को सुनिश्चित करना रहा, जिसे लेकर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया।
