हजारीबाग में रामनवमी पर भव्य लड्डू महाभोग, 151 किलो प्रसाद चढ़ाकर गूंजा जय श्रीराम


हजारीबाग - मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्म उत्सव रामनवमी के पावन एवं पुण्य अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग द्वारा भव्य लड्डू महाभोग कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न किया गया। यह आयोजन संस्था के वार्षिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जिसका यह पांचवां वर्ष था। इस अवसर पर शहर भर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्ति एवं उत्साह से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम के अंतर्गत संस्था द्वारा 151 किलो लड्डू महाभोग तैयार कर महावीर स्थान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ प्रभु श्रीराम को अर्पित किया गया। मंदिर के प्रधान पुजारी कार्तिक पांडे द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। पूजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। महाभोग अर्पण के उपरांत प्रसाद का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया गया, जिसे पाकर भक्तगण भावविभोर हो उठे और जय श्री राम के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया। इस भव्य आयोजन में समाज के हर वर्ग की सहभागिता देखने को मिली। बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक समरसता, एकता और सेवा भाव का भी सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम में हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। संस्था द्वारा उनका अंगवस्त्र भेंटकर पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच महाभोग का वितरण किया और आयोजन की सराहना की।

इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि रामनवमी जैसे पावन पर्व पर इस प्रकार का आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। हजारीबाग यूथ विंग जिस समर्पण, सेवा और निष्ठा के साथ वर्ष के 365 दिन समाजहित में कार्य कर रही है, वह वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि संस्था की यह सकारात्मक ऊर्जा समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने आगामी रक्तदान शिविर को लेकर संस्था के सभी सदस्यों को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल संचालन में संयोजक जयप्रकाश खंडेलवाल एवं प्रणीत जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने पूरे समर्पण और कुशल नेतृत्व के साथ इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि प्रभु श्रीराम की असीम कृपा से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। रामनवमी जैसे आयोजनों से समाज में सद्भाव, संस्कृति और समर्पण की भावना और अधिक प्रगाढ़ होती है।

वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज को जोड़ना और सेवा की भावना को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग और श्रद्धालुओं के स्नेह से ही इस तरह के भव्य आयोजन संभव हो पाते हैं। कार्यक्रम के दौरान रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष करण यादव उर्फ लड्डू यादव, भाजपा नेता टोनी जैन, समाजसेवी नीरज अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि लब्बू गुप्ता सहित कई गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की सराहना की एवं भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए बढ़-चढ़कर सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, अध्यक्ष करण जायसवाल, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, कार्यक्रम संयोजक जयप्रकाश खंडेलवाल, प्रणीत जैन, संस्था के मार्गदर्शक संजय कुमार, विकास केसरी, डॉ. बी. वेंकटेश, कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद खण्डेलवाल,विवेक तिवारी, रोहित बजाज, सेजल सिंह, प्रज्ञा कुमारी, मोहम्मद ताजुद्दीन, चंदन सिंह, उदित तिवारी, सनी सलूजा, मानसी सिन्हा, हैप्पी कुमार, केशव खंडेलवाल सहित कई लोग मौजूद रहे। हजारीबाग यूथ विंग द्वारा आयोजित यह भव्य लड्डू महाभोग कार्यक्रम आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने पूरे शहर को भक्ति के रंग में रंग दिया।