हजारीबाग में रामनवमी पर 151 किलो लड्डू महाभोग, यूथ विंग का भव्य आयोजन 27 मार्च को


हजारीबाग - मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर 27 मार्च को महावीर स्थान मंदिर के समीप हजारीबाग यूथ विंग द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लगातार पांचवें वर्ष आयोजित हो रहे इस धार्मिक आयोजन ने अब एक विशेष पहचान बना ली है, जिसे लेकर शहरवासियों और रामभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस वर्ष आयोजन के अंतर्गत 151 किलो लड्डू महाभोग का वितरण किया जाएगा। संस्था के सदस्यों द्वारा लड्डू को पूरी शुद्धता, स्वच्छता और श्रद्धा के साथ तैयार किया जा रहा है। प्रसाद निर्माण की प्रक्रिया में गुणवत्ता और धार्मिक परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को पवित्र एवं उत्तम प्रसाद प्राप्त हो सके। कार्यक्रम की शुरुआत महावीर स्थान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होगी, जहां लड्डू का भोग लगाया जाएगा। ढोल-नगाड़ों के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके पश्चात सुबह 9:00 बजे से श्रद्धालुओं के बीच महाभोग का वितरण प्रारंभ कर दिया जाएगा। रामनवमी को लेकर पूरा हजारीबाग इन दिनों भगवा रंग में सराबोर नजर आ रहा है। हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने बताया कि यह आयोजन संस्था के लिए आस्था और सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से हर वर्ष इस आयोजन का स्वरूप और अधिक भव्य होता जा रहा है तथा सभी सदस्य पूरे समर्पण के साथ इसे ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं। वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक महापर्व है। इसमें हर वर्ग, हर समुदाय के लोग भाग लेते हैं, जिससे आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता का संदेश प्रसारित होता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक जयप्रकाश खंडेलवाल एवं प्रणीत जैन सहित हजारीबाग यूथ विंग के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ेगी। हजारीबाग यूथ विंग ने हजारीबागवासियों एवं सभी रामभक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को भव्य और दिव्य बनाएं तथा महाभोग का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें। मौके पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, सचिव रितेश खण्डेलवाल,सह सचिव अभिषेक पांडे, कार्यक्रम संयोजक जयप्रकाश खंडेलवाल, प्रणीत जैन,कार्यकारणी सदस्य विवेक तिवारी, प्रज्ञा कुमारी, उदित तिवारी,अजीत चंद्रवंशी,सेजल सिंह, खुशी कुमारी सहित कई लोग मौजूद रहें।