हजारीबाग: नगर निगम चुनाव की सरगर्मियों के बीच शहर के मालवीय मार्ग स्थित भवानी प्लाजा में बुधवार को मेयर प्रत्याशी अरविंद राणा ने प्रेस वार्ता कर अपनी चुनावी रणनीति और विकास की सोच को साझा किया। कार्यक्रम में शहर के पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
प्रेस को संबोधित करते हुए अरविंद राणा ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट कहा, “मैं जनता का समर्थित उम्मीदवार हूँ, किसी राजनीतिक दल का प्रत्याशी नहीं। मेरा चुनाव पूरी तरह जनआधारित है। पहले भी जनता के साथ था और आगे भी रहूँगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम जैसे गैर-दलीय चुनाव को कुछ राजनीतिक दल दलगत रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे चुनावी माहौल प्रभावित हो रहा है। राणा ने सोशल मीडिया के माध्यम से आचार संहिता उल्लंघन और भ्रामक प्रचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एआई तकनीक का उपयोग कर उनके खिलाफ गलत सूचनाएँ फैलाने की कोशिश की जा रही है, ताकि मतदाताओं को भ्रमित किया जा सके।
भावुक अंदाज में उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उनके खिलाफ और दुष्प्रचार हो सकता है, लेकिन अंततः सत्य की जीत होगी। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें।
अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि वे आरएसएस की विचारधारा से जुड़े रहे हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद किसी विशेष दल का समर्थन नहीं करेंगे।
इधर उनके समर्थन में किशोरी राणा ने भी मोर्चा संभाल लिया है और घर-घर जाकर लोगों से अरविंद राणा के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। जनसंपर्क अभियान में आम लोगों का उत्साह राणा के लिए उम्मीद की नई किरण बनता दिख रहा है।