भव्य शिव बारात से गूंज उठा हजारीबाग, हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय हुआ वातावरण


महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर  हजारीबाग आर्ट एंड कल्चर ट्रस्ट  के तत्वावधान में भव्य शिव बारात का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। जैसे ही शोभायात्रा प्रारंभ हुई, पूरा शहर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्त नृत्य करते, ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते और भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ आगे बढ़ते नजर आए।

 इस भव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण उज्जैन से पहुंची शिव तांडव टीम रही, जिनकी सजीव और ऊर्जावान प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की भाव-भंगिमा, परिधान और प्रस्तुति ने ऐसा प्रतीत कराया मानो साक्षात देवाधिदेव महादेव की बारात नगर भ्रमण पर निकली हो। शोभायात्रा में आगे-आगे बुलेट पर सवार युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। 

कार्यक्रम के संयोजक हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकाश प्रीतम,भाजपा समर्थित महापौर उम्मीदवार सुदेश कुमार चंद्रवंशी,जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह,हरीश श्रीवास्तव,सुमन पप्पू, कुवर मनोज सिह  ,कुणाल दुबे,आनंद देव, शैफाली गुप्ता, दिनेश सिहं राठौर, राजकरण पाण्डेय, हजारीबाग आर्ट एंड कल्चर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुबोध सिन्हा,सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं शिव भक्त कदम से कदम मिलाकर चल रहे । 

शोभायात्रा देवांगना चौक से प्रारंभ होकर कोर्रा चौक, बाबुगाँव, मटवारी, डिस्ट्रिक बोर्ड चौक, आनंदा चौक, नवाबगंज रोड, मेन रोड, झंडा चौक, बड़ा अखाड़ा, महावीर स्थान, पंच मंदिर चौक, बंसीलाल चौक होते हुए पुराना बस स्टैंड के समीप संपन्न हुई। मार्ग के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर शिव बारात का भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर छोटे-बड़े, महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग सभी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। 

पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत नजर आया।कार्यक्रम के संयोजक हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि शिव बारात हमारी सांस्कृतिक परंपरा और धार्मिक आस्था का जीवंत प्रतीक है। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर जिस प्रकार शहरवासियों ने एकजुट होकर भाग लिया, वह सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देता है। हमारा उद्देश्य है कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे की भावना को मजबूत करें। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं,आयोजकों एवं प्रशासन व मीडिया का आभार व्यक्त किया।