हजारीबाग: नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी अब जनसंपर्क अभियान को धार देने में जुटे हैं। इसी क्रम में हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र से महापौर पद के प्रत्याशी विकास राणा ने शहर के विभिन्न इलाकों में व्यापक डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों से मुलाकात की और आशीर्वाद मांगा।
जनसंपर्क अभियान के तहत उन्होंने कोर्रा, देवांगना, जबरा, दीपूगढ़ा, कानी बाजार सहित आसपास के कई मोहल्लों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर पहुंचकर बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया, महिलाओं से संवाद किया और युवाओं से नगर विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं पर चर्चा की। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और समस्याओं से अवगत कराया।
विकास राणा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका संकल्प हजारीबाग को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था और पारदर्शी प्रशासन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से वे शहर के समग्र विकास की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।
अभियान के दौरान उनके समर्थकों ने “नाम विकास, काम विकास” जैसे नारों के साथ माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। समर्थकों का कहना था कि विकास राणा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि शहर के हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराना है। कई स्थानों पर लोगों ने खुलकर समर्थन जताया और आगामी चुनाव में सहयोग का आश्वासन दिया।
इस मौके पर आनंद कुमार सिंह, राजू गिरी, सतीश दास, मनोज चंद्रा, मोहन शुक्ला समेत भारी संख्या मे समर्थक व कार्यकर्ता उपस्थित थें.
