होली एवं रामनवमी पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और संचय के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत हजारीबाग प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हजारीबाग के उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह (IAS) के आदेश तथा सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशानुसार दिनांक 28-02-2026 को गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पहाड़पुर में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान सहदेव मांझी (पिता – किशुन मांझी) के घर से अवैध विदेशी शराब निर्माण की एक मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया। टीम ने मौके से विभिन्न ब्रांडों के कुल 108 लीटर तैयार अवैध विदेशी शराब बरामद किया। इसके अतिरिक्त लगभग 200 लीटर तैयार रंगीन शराब, 5 लीटर कैरामेल, विभिन्न ब्रांड के खाली बोतल, लेबल, ढक्कन, आसंजक, कार्टन, शराब तैयार करने के बर्तन तथा ड्राम भी जब्त किए गए।
प्रशासन ने बताया कि संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज किया जा रहा है। पर्व के दौरान अवैध शराब पर सख्त निगरानी जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
