आध्यात्मिक चेतना और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित फिल्म जगतगुरु श्री रामकृष्ण का प्रसारण कल दिनांक 21 फरवरी 2026 (शनिवार) को सुबह 11 बजे देश के प्रतिष्ठित चैनल दूरदर्शन नेशनल पर किया जाएगा। यह फिल्म झारखंड के हजारीबाग में निर्मित एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक उपलब्धि मानी जा रही है।
फिल्म के निर्माता गजानंद पाठक, निर्देशक डॉ. बिमल मिश्रा, तथा संगीतकार अजय मिश्रा हैं। फिल्म में हजारीबाग के प्रतिभाशाली कलाकारों ने अभिनय किया है, जिनमें गजानंद पाठक, मुकेश राम प्रजापति, श्रेष्ठा भट्टाचार्य, चांदनी झा, अमरकांत राय, दीपक घोष, मनोज कुमार पांडेय सहित अनेक स्थानीय कलाकार शामिल हैं। फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर दीपक घोष तथा डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी राहुल पाठक हैं।
इस फिल्म का एक विशेष आकर्षण यह भी है कि इसमें प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा, सुरेश वाडकर तथा महालक्ष्मी अय्यर ने अपनी मधुर आवाज़ में भजन प्रस्तुत किए हैं, जो दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करते हैं।
फिल्म को वर्ष 2024 में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से यूनिवर्सल सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ था तथा इसे झारखंड के कई सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया जा चुका है। वर्तमान में यह फिल्म प्रसार भारती के वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है, जिससे देश-विदेश के दर्शक इसे देख सकते हैं।
हजारीबाग के कलाकारों और तकनीशियनों द्वारा निर्मित यह फिल्म न केवल क्षेत्रीय प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रही है, बल्कि भारतीय संत परंपरा और आध्यात्मिक धरोहर को जन-जन तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
दूरदर्शन नेशनल पर इसके प्रसारण को लेकर झारखंड सहित पूरे देश के दर्शकों में उत्साह देखा जा रहा है। यह फिल्म आध्यात्मिक विषयों में रुचि रखने वाले दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।
