हजारीबाग में होली और रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील


हजारीबाग:
कोर्रा थाना परिसर में आज सुबह 11:00 बजे होली एवं रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी द्वारा की गई। इस दौरान थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी होली और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अंचल अधिकारी ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधियों से दूर रहना जरूरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक खबर साझा न करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती दल लगातार निगरानी करेंगे। डीजे, जुलूस मार्ग, समय सीमा और विधि-व्यवस्था से संबंधित दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई।

बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।