उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार उपविकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नार्को कोऑर्डिनेशन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने तथा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
उपविकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी कार्यक्रमों के दौरान नियमित रूप से नशामुक्ति के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा मानस पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया, बैनर-पोस्टर एवं एलईडी वैन के माध्यम से आमजनों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती एवं उसे नष्ट करने को लेकर अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे मामलों में नियमित छापेमारी कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अंचलाधिकारियों द्वारा नशे के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आगे भी सतत एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
विद्यालयों में नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बीज वितरण दुकानों में कृषि आधारित दवाइयों के वितरण में विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का वितरण नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।
उपविकास आयुक्त ने ड्रग इंस्पेक्टर को ड्रग्स से संबंधित दवाइयों की खरीद-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने, नियमित क्षेत्र भ्रमण कर जांच करने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने जांच प्रतिवेदन में सीसीटीवी कैमरा की स्थिति, लाइसेंस निरस्तीकरण सहित की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में उपविकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह के अलावे सदर एसडीओ श्री आदित्य पांडेय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रोहित कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
