अगरिया असुर आदिम जनजाति विकास समिति का 26वां स्थापना दिवस हजारीबाग में धूमधाम से मनाया गया


हजारीबाग- जिलें के सरहुल मैदान स्थित धुमकुड़िया भवन में झारखंड अगरिया असुर आदिम जनजाति विकास समिति का 26वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमा और एकजुटता के साथ मनाया गया। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे लगभग 500 समाजबंधुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। पूरे परिसर में पारंपरिक परिधान, सांस्कृतिक झलक और सामाजिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मां देव प्रिया , महेंद्र बेक उपस्थित रहीं। वहीं पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह के निजी मीडिया प्रतिनिधि विक्की कुमार धान विशिष्ट अतिथि के तौर पर समारोह में शामिल हुए। मंच पर पहुंचते ही उनका पारंपरिक अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में विक्की कुमार धान ने मुन्ना सिंह का संदेश समाज के बीच साझा करते हुए कहा कि अगरिया असुर आदिम जनजाति की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक पहचान को संरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने शिक्षा को समाज की प्रगति की सबसे मजबूत नींव बताते हुए युवाओं से संगठित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होकर कार्य करता है तो विकास की नई दिशा और नई पहचान स्थापित होती है। समिति के प्रदेश अध्यक्ष अनिल अगरिया ने संगठन की 26 वर्षों की संघर्षपूर्ण यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समिति समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। सचिव मुकेश कुमार अगरिया एवं कोषाध्यक्ष बिनोद अगरिया ने संगठन की भावी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत पारंपरिक नृत्य एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।