नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर पुलिस लाइन में ब्रीफिंग आयोजित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने को लेकर सेक्टर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को दिए गए दिशा निर्देश


नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी सेक्टर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, चौकीदार, होमगार्ड एवं जैप के जवानों के लिए विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि सभी सेक्टर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा अन्य कर्मियों का टैगिंग सुनिश्चित कर दिया गया है। सभी संबंधित पदाधिकारी मतपत्र प्राप्ति से लेकर मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने तथा मतदान पेटी को सुरक्षित रूप से बज्रगृह में जमा करने तक एक साथ कार्य करेंगे।


उन्हें वाहनों के उपयोग के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा स्पष्ट रूप से कहा गया कि निर्धारित रूट चार्ट का अनुपालन अनिवार्य रूप से करें। पोलिंग पार्टी एवं पेट्रोलिंग पार्टी को समन्वय के साथ टीम भावना में कार्य करने का निर्देश दिया गया। सभी कर्मियों को अपने कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी के साथ करने को कहा गया।

किसी भी प्रकार की समस्या या विशेष परिस्थिति की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को देने का निर्देश दिया गया। जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर: 8002529349 / 06546-291842 है।

सभी सेक्टर दंडाधिकारी को मतदान दिवस पर अपने-अपने बूथ क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया, ताकि चुनाव प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जा सके। प्रतिनियुक्त कर्मियों को निर्वाचन प्रोटोकॉल सहित राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त अन्य सभी दिशा-निर्देशों से भी विस्तृत रूप से अवगत कराया गया तथा उनका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सामान्य प्रेक्षक, उप विकास आयुक्त, सदर एसडीओ, अपर समाहर्ता सहित कई वरीय पदाधिकारी, एसडीपीओ, सेक्टर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।