हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026–27 के केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक, दूरदर्शी और देश के समग्र विकास की दिशा में मजबूत आधार बताया है। विधायक ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार करने वाला है।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि बुनियादी ढांचे के लिए पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर ₹12.2 लाख करोड़ किया जाना देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए भारत सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के तहत ₹40,000 करोड़ तथा फार्मा क्षेत्र में बायोफार्मा शक्ति योजना के लिए ₹10,000 करोड़ का प्रावधान भारत को वैश्विक तकनीकी शक्ति बनाने की दिशा में अहम कदम है। ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में दुर्लभ मृदा गलियारों की स्थापना से औद्योगिक आत्मनिर्भरता और मजबूत होगी।
महिला सशक्तिकरण पर बजट के फोकस की सराहना करते हुए विधायक ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों, महिला स्टार्टअप्स और कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का ठोस रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र में नए मेडिकल कॉलेज, आधुनिक अस्पताल, डिजिटल हेल्थ सिस्टम और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को आम जनता के लिए बड़ी राहत बताया।
MSME और युवाओं को लेकर विधायक ने कहा कि ₹10,000 करोड़ के SME फंड और कंटेनर निर्माण के लिए विशेष प्रोत्साहन से छोटे उद्योगों को मजबूती मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और ‘मेक इन इंडिया’ को और गति मिलेगी।
कर सुधार पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने आयकर अधिनियम 2025 की दिशा में कर प्रणाली को सरल बनाने के निर्णय को करदाताओं के लिए राहतकारी बताया। उन्होंने कहा कि इससे कर प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी, अनुपालन आसान होगा और सरकार पर नागरिकों का भरोसा और मजबूत होगा।
अंत में विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 केवल वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य का रोडमैप है। यह बजट गरीब, किसान, महिला, युवा और उद्यमी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला है और आने वाले वर्षों में देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने की मजबूत नींव रखता है।
