आसन्न नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनज़र उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने आज बाजार समिति स्थित मतगणना केंद्र एवं स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस श्री आनंद शर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सम्पूर्ण बाजार समिति परिसर का भ्रमण किया तथा मतपेटिकाओं की स्थिति, परिसर की साफ-सफाई, आगत-निर्गत द्वार, सुरक्षा व्यवस्था, मतपेटिकाओं की सफाई, मतपेटिका खोलने-बंद करने की प्रक्रिया तथा संबंधित कर्मियों का प्रशिक्षण आदि का जायजा लिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में कोई कोर कसर न रहे। उन्होंने परिसर में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, सुचारु यातायात व्यवस्था, पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती,शौचालय तथा स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
साथ ही उन्होंने मतगणना से जुड़े सभी कर्मियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने एवं किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने का निर्देश दिया, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न हो सके।
