हज़ारीबाग़ कॉलेज ऑफ़ डेंटल साइंसेज एंड हॉस्पिटल के बाल दंत चिकित्सा विभाग द्वारा चरही के लालबंगला स्थित सर्वोदय सरस्वती विद्या मंदिर में बुधवार को निशुल्क दंत चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 231 स्कूली बच्चों की निशुल्क दंत जांच की गई तथा उन्हें उत्तम दंत स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श प्रदान किया गया। इस अवसर पर विद्यालयी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को नियमित दांतों की सफाई एवं स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
मौके पर हज़ारीबाग डेंटल कॉलेज के सचिव डॉ. प्रवीण श्रीनिवास ने कहा कि बचपन से ही दांतों की सही देखभाल अत्यंत आवश्यक है। नियमित रूप से दिन में दो बार दांत साफ करना, संतुलित आहार लेना और समय-समय पर दंत जांच कराना बच्चों को दांतों से जुड़ी गंभीर बीमारियों से बचा सकता है। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य बच्चों में दंत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि वे स्वस्थ मुस्कान के साथ बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।
