संस्कार एन्क्लेव में सुरेंद्र खंडेलवाल के आवास पर विधि-विधान से हुई मां सरस्वती की आराधना, भक्तिमय माहौल
हजारीबाग - माघ शुक्ल पंचमी के पावन अवसर पर हजारीबाग शहर के बड़ा बाजार स्थित जैन मंदिर रोड, संस्कार एन्क्लेव में सुरेंद्र खंडेलवाल के आवास पर दो दिवसीय मां सरस्वती पूजा का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। शुक्रवार को पूजा का प्रथम दिन शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
पूजा-अर्चना का आयोजन सुरेंद्र खंडेलवाल के आवासीय परिसर में किया गया,जहां विद्या की देवी मां सरस्वती की आकर्षक प्रतिमा की स्थापना की गई। प्रतिमा को चारों ओर से फूलों एवं सजावटी सामग्री से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक आभा से आलोकित नजर आया। पूजा-अर्चना हजारीबाग के प्रसिद्ध पुजारी दीपेंद्र नाथ पांडे उर्फ दीपक द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराई गई। इस अवसर पर यजमान के रूप में सुरेंद्र खंडेलवाल एवं उनकी धर्मपत्नी शारदा खंडेलवाल उपस्थित रहे। पूजा उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप बूंदिया, मटर, बेर, गाजर सहित विभिन्न मौसमी फलों का वितरण किया गया। पूजा से लेकर आरती एवं प्रसाद वितरण तक श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता बनी रही। इस अवसर पर सुरेंद्र खंडेलवाल ने बताया कि दो दिवसीय सरस्वती पूजा के अंतर्गत दूसरे दिन मां सरस्वती की प्रतिमा का धूमधाम के साथ बुढ़वा महादेव तालाब में विसर्जन किया जाएगा। पुजारी दीपेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि मां सरस्वती विद्या, बुद्धि और विवेक की देवी हैं। विद्यार्थियों के जीवन में उनकी पूजा का विशेष महत्व है। मां की आराधना से ज्ञान की प्राप्ति होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। पूजा कार्यक्रम में विशेष रूप से सुरेंद्र खंडेलवाल, शारदा खंडेलवाल, प्रमोद खंडेलवाल, विनीता खंडेलवाल, रितेश खंडेलवाल, सोनाली खंडेलवाल,कृष्ण खंडेलवाल (केशव) प्रगति खण्डेलवाल, प्रिया, सोना,दर्शित,आयुष,आनिया सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान परिसर भक्तिरस से सराबोर रहा।
