बेलतु गांव पहुंचे हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, सांप्रदायिक तनाव के बाद ग्रामीणों से की शांति व भाईचारे की अपील


बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत बेलतु गांव में बीते 24 जनवरी को सरस्वती पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान उत्पन्न हुए सांप्रदायिक तनाव के बाद सोमवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल बेलतू गांव पहुंचे। 

उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की और पीड़ित परिवारों से की मुलाकात कर हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। 

सांसद मनीष जायसवाल ने घटना से प्रभावित एवं पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। 

सांसद ने कहा कि निर्दोष लोगों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

सांसद मनीष जायसवाल ने मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान हुई पथराव की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण धार्मिक आयोजनों में बाधा डालना सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सांसद ने मनीष जायसवाल ने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में प्रतिमा विसर्जन या किसी भी धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह की पुनरावृत्ति न हो।

सांसद मनीष जायसवाल ने ग्रामीणों से अपील की कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी भाईचारे को कमजोर न होने दें। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती शांति, संयम और एकता से ही संभव है। सभी को समझदारी से काम लेना चाहिए ताकि माहौल और अधिक खराब न हो।

सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि प्रशासन द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं निर्दोष लोगों को न्याय दिलाया जाएगा। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की है।

इस मौके पर सांसद मनीष जायसवाल के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, अनिल मिश्रा, दामोदर सिंह, जयनारायण प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, खोखा सिंह, मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी, जुगनू सिंह, महेंद्र कुमार सिंह, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सुनील कुमार ठाकुर, किसान मोर्चा के नारायण यादव, सांसद सारथी राजीव कुमार, युवा नेता प्रकाश गुप्ता, नकुल साहब, नागेश्वर महतो, टिकन महतो, शिवलाल महतो, अशोक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।