आरोग्यम कुणाल विमेन एंड चिल्ड्रन हॉस्पिटल व डॉ. राधाकृष्णन स्कूल ऑफ लर्निंग के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन


हजारीबाग - 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आरोग्यम कुणाल विमेन एंड चिल्ड्रन हॉस्पिटल एवं डॉ. राधाकृष्णन स्कूल ऑफ लर्निंग के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय पर्व के इस पावन अवसर पर आयोजित शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष जागरूकता और उत्साह देखने को मिला। शिविर में आरोग्यम कुणाल विमेन एंड चिल्ड्रन हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। नवजात एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश चंद्र, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरभि कुमारी तथा जनरल फिजिशियन डॉ. अनिल कुमार ने बच्चों की सामान्य जांच के साथ उनकी उम्र एवं स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के पोषण, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी गई शिविर के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ पहुंचे। इस अवसर पर डॉ. राधाकृष्णन स्कूल ऑफ लर्निंग के डायरेक्टर एवं प्रिंसिपल द्वारा शिविर में मौजूद सभी चिकित्सकों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया, जिसे पर्यावरण संरक्षण और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में सराहा गया। अस्पताल के निर्देशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना ही मजबूत और आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह की पहल समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाती है। वहीं अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच और सही परामर्श से बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है। इस शिविर का उद्देश्य अभिभावकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम को लेकर अभिभावकों में खासा उत्साह देखा गया। अभिभावक जनों ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर बच्चों के स्वास्थ्य को समर्पित इस जनहितकारी पहल के लिए डॉ. राधाकृष्णन स्कूल ऑफ लर्निंग एवं आरोग्यम कुणाल विमेन एंड चिल्ड्रन हॉस्पिटल के प्रति आभार व्यक्त किया।