नगर निगम चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने निर्वाची पदाधिकारीयों के कक्ष का किया निरीक्षण


नगर निगम चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने आज समाहरणालय भवन में संचालित निर्वाची पदाधिकारीयों के कक्ष का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां चल रहे कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कक्ष में तैनात कर्मियों से अब तक किए गए कार्यों तथा आगामी तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी कार्यों का निष्पादन समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं पारदर्शी तरीके से करने पर विशेष बल दिया।

श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।