हजारीबाग - 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सोमवार को हजारीबाग सांसद सेवा कार्यालय परिसर में भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद मनीष जायसवाल ने तिरंगा फहराया। इस दौरान सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सभी ने सलामी दी गई और देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
इस गौरवशाली क्षण के साक्षी बनते हुए हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद और भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित सैकड़ों भाजपा नेता, कार्यकर्ता और आमजनों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
सांसद मनीष जायसवाल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी से एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

