हजारीबाग में अवैध स्पिरिट की बड़ी खेप जब्त, 640 लीटर स्पिरिट के साथ दो गिरफ्तार


हजारीबाग। उपायुक्त महोदय, हजारीबाग के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण, संचय और परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन में कल शाम करीब 5:30 बजे गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान NH33 (डेमोटांड) क्षेत्र से एक टाटा पिकअप वाहन को पकड़ा गया, जिसमें बॉक्स सिस्टम बनाकर 16 जेरिकन में भरा करीब 640.00 लीटर अवैध स्पिरिट छुपाकर रखा गया था। मौके से वाहन सहित स्पिरिट को जब्त कर लिया गया।

इस मामले में बादाम निवासी मुकेश प्रजापति (चालक) और चौथा, मनहानियाँ, थाना–मयूरहंड निवासी देवेंद्र कुमार दांगी (सहचालक) को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया है। दोनों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं, इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।