हजारीबाग जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में 26 जनवरी 2026 को नवजात बच्चे की चोरी की सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल SIT टीम का गठन किया गया और संभावित स्थानों पर छापेमारी की गई।
पुलिस की सक्रियता का परिणाम यह रहा कि महज 3 घंटे के भीतर ग्राम करमा (थाना चौपारण) से नवजात बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच की, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जांच के दौरान यह सामने आया कि बच्चे की मां ने पारिवारिक दबाव और सामाजिक डर के कारण नवजात की चोरी की झूठी कहानी गढ़ी थी। सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने नवजात बच्चे को सकुशल उसकी मां को सौंप दिया।
पुलिस प्रशासन ने इस पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नवजात की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी टल सकी।
