हजारीबाग पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20.5 किलोग्राम अफीम बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल से अफीम ले जा रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई लोहसिंघना थाना क्षेत्र के कोलघटी इलाके में की गई, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि कोलघटी क्षेत्र में तीन संदिग्ध युवक सफेद अपाची बाइक पर बोरे में कुछ सामान लेकर घूम रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, हजारीबाग के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोलघटी के मलती टॉड के पास चेकिंग अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान सफेद अपाची मोटरसाइकिल को रोका गया। बाइक पर सवार तीन युवकों के पास मौजूद बोरे की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अफीम पाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दीपक कुमार दांगी, बरुण कुमार और सुदेश यादव बताया। तीनों आरोपी चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इस मामले में लोहसिंघना थाना कांड संख्या 07/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(सी), 18(सी), 21(सी) और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद सामग्री में 20.5 किलो अफीम और एक सफेद अपाची मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हजारीबाग पुलिस की यह कार्रवाई नशा कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।
