नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर हजारीबाग पुलिस अलर्ट, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सख्त निर्देश


हजारीबाग:
नगर निगम चुनाव 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर हजारीबाग पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन (IPS) ने जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। इसके साथ ही जिले में विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्देशों के अनुसार जिले में लंबित कांडों में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं अवैध मादक पदार्थों एवं शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

चुनाव के मद्देनज़र सभी मतदान केंद्रों एवं भवनों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश भी दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो। इसके अलावा जिले में मौजूद ई-लीगल हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा सभी लीगल हथियारों का सत्यापन कर उन्हें जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देश दिया है कि जिले में ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाए, जो चुनाव प्रक्रिया या विधि-व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं, और उनके विरुद्ध समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।