हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता: नगवां हवाई अड्डा के पास छापेमारी, 166.5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार


हजारीबाग: जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्रा थाना क्षेत्र से सात अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और लाखों रुपये नकद बरामद किए हैं ।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि नगवां हवाई अड्डा के समीप ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए कुछ लोग जुटने वाले हैं । सूचना के सत्यापन के लिए सदर एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया । टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगवां हवाई अड्डा और काठी नेशन होटल के पीछे एक खंडहरनुमा मकान की घेराबंदी कर सात युवकों को धर दबोचा ।

लाखों की नकदी और नशीला पदार्थ बरामद तलाशी के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से कुल 166.5 ग्राम ब्राउन शुगर और 3,51,700 रुपये नकद बरामद किए गए । इसके अलावा पुलिस ने इनके पास से 02 मोटरसाइकिल और 06 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं । पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बताया कि वे चतरा जिले से ब्राउन शुगर लाकर हजारीबाग के अलग-अलग इलाकों में बेचते थे ।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गिरफ्तार किए गए लोगों में हजारीबाग के सावन कुमार (19), संतोष कुमार (33), प्रशांत कुमार (28) और अनिल कुमार (34) शामिल हैं । इनके साथ ही चतरा जिले के योगेश प्रसाद (33), धर्मेंद्र कुमार सिंह (27) और गिरोह के मुख्य पैडलर संतोष कुमार साव (36) को भी गिरफ्तार किया गया है । पुलिस ने इन सभी के खिलाफ कोर्रा थाना में NDPS एक्ट और BNS की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है ।

नशे के विरुद्ध जनवरी में व्यापक अभियान हजारीबाग पुलिस ने जनवरी 2026 में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है । पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, इस महीने के दौरान:

लोहसिंघना थाना: 20.5 किग्रा अफीम और 3 तस्कर पकड़े गए। ईचाक और कोर्रा: कुल 212.7 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 14 अभियुक्त जेल भेजे गए। दारू थाना: 48.01 किग्रा गांजा और एक डस्टर गाड़ी बरामद की गई । चौपारण थाना: पुलिस ने करीब 320 एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया है ।

इस सफल छापेमारी दल में सदर एसडीपीओ अमित आनंद, कोर्रा थाना प्रभारी अजीत कुमार, पु०अ०नि० बिद्व रजक, रमेश यादव, रोशन कुमार और तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे ।