हजारीबाग गौशाला परिसर में हजारीबाग यूथ विंग द्वारा कंबल वितरण, सेवा भावना का अद्भुत उदाहरण


हजारीबाग - कोलकाता पिंजरापोल सोसाइटी द्वारा संचालित हजारीबाग गौशाला परिसर में मंगलवार को सेवा और समर्पण की अनोखी मिसाल पेश करते हुए जिले की अग्रणी सामाजिक संस्था हजारीबाग यूथ विंग द्वारा गौशाला कर्मचारियों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह वार्षिक कार्यक्रम संस्था द्वारा उन कर्मचारियों के सम्मान में किया जाता है, जो पूरे वर्ष गौमाता की सेवा में निष्ठापूर्वक लगे रहते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत गौसेवा से हुई। संस्था के सभी सदस्यों ने गौमाता को गुड़, चोकर एवं अन्य पौष्टिक सामग्री खिलाकर अपनी सेवा भावना व्यक्त की। इसके बाद गौशाला में कार्यरत सभी कर्मचारियों को कंबल वितरित किए गए, जिससे उन्हें शीतकाल में राहत मिल सके। हजारीबाग यूथ विंग ने यह कदम उन कर्मियों के प्रति सम्मान के रूप में उठाया है, जिनकी निष्ठा, त्याग और सेवा भावना सचमुच प्रशंसनीय है। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य केवल सामाजिक गतिविधियों का संचालन करना नहीं, बल्कि समाज के उन अनाम सेवकों को सम्मान देना भी है, जो चुपचाप अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। गौशाला के ये कर्मचारी दिन-रात गौमाता की सेवा करते हैं। यह कंबल वितरण हमारे प्यार और सम्मान का प्रतीक है। संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि सेवा ही हमारी पहचान है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हमने गौशाला कर्मचारियों को कंबल देकर उनकी सेवा भावना को सम्मानित किया है। जल्द ही संस्था द्वारा शीतकालीन राहत अभियान प्रारंभ किया जाएगा, जिसके तहत जरूरतमंद लोगों तक गर्म कपड़े और आवश्यक सामग्री पहुंचाई जाएगी। हमारा संकल्प है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहायता पहुंचे। कार्यक्रम में संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने मिलकर सेवा व सहयोग का संदेश दिया। हजारीबाग यूथ विंग ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। मौके पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष विकास तिवारी,सचिव रितेश खण्डेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया,संस्था के मार्गदर्शक जय प्रकाश खण्डेलवाल,संजय कुमार, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन, रोहित बजाज, प्रमोद खण्डेलवाल, सेजल सिंह,विवेक तिवारी,प्रज्ञा कुमारी,बजरंग अग्रवाल,उदित तिवारी,योगेंद्र मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहें।