निस्वार्थ सेवा की मिसाल बनी हजारीबाग यूथ विंग, तरंग ग्रुप ने किया सम्मानित



हजारीबाग - शहर के गुरु नानक पैलेस में आयोजित तरंग ग्रुप के सम्मान समारोह में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग को समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था के पिछले कई वर्षों से चल रहे निस्वार्थ सेवाभाव और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रतीक कार्यों को देखते हुए प्रदान किया गया। कार्यक्रम में तरंग ग्रुप के संस्थापक सह आयोजक अमित कुमार ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग न केवल रक्तदान और धार्मिक कार्यों में सक्रिय है बल्कि समाज में जागरूकता और एकता की भावना को भी निरंतर आगे बढ़ा रही है। हाल ही में छठ पूजा के अवसर पर इस संस्था ने जिस तरह से समर्पण और अनुशासन के साथ कार्यक्रमों का संचालन किया, वह समाज के लिए एक मिसाल है। संस्था के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा यह सम्मान हमारी पूरी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। समाजसेवा हमारे लिए कोई प्रदर्शन नहीं,बल्कि यह हमारी जीवनशैली का हिस्सा है। आने वाले दिनों में हजारीबाग यूथ विंग और अधिक जनहितकारी कार्यों को गति देगा। वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हमारी संस्था का लक्ष्य है कि हजारीबाग को सेवा, संस्कार और एकता का केंद्र बनाया जाए। रक्तदान,धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से हम हर वर्ग तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। इस तरह के सम्मान से हमें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान हजारीबाग यूथ विंग के सभी सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में संस्था को सामूहिक रूप से एक विशेष स्मृति चिन्ह भेंट कर पूरे समूह का उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, कई पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। तालियों की गूंज के बीच संस्था के सदस्यों के उत्साह और समर्पण की सराहना पूरे हॉल में गूंजती रही। इस अवसर पर संस्था के सचिव रितेश खण्डेलवाल,उपाध्यक्ष विकास तिवारी,सह सचिव अभिषेक पांडे,संस्था के मार्गदर्शक संजय कुमार,विकाश केशरी,कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन, विवेक तिवारी, सेजल सिंह, खुशी कुमारी, प्रज्ञा कुमारी,उदित तिवारी सहित कई लोग मौजूद रहें।