फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन की बैठक में हजारीबाग जिला अध्यक्ष नंदु प्रसाद बने प्रदेश उपाध्यक्ष


रांची। फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन झारखंड प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक रांची के डोरंडा स्थित शिशु विद्या मंदिर, पुराना हाई कोर्ट के पीछे आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष ओंकार नाथ झा ने की। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से संगठन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिसमें हजारीबाग जिले के सभी प्रखंडों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सक्रिय सदस्य तथा महिला समूह की सदस्याएं भी शामिल थीं।

बैठक में डीलरों की समस्याओं, जन वितरण प्रणाली की चुनौतियों, पारदर्शिता बनाए रखने और सरकारी योजनाओं के उचित क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि आज भी डीलरों को समय पर खाद्यान्न की आपूर्ति नहीं मिल पाती, जिससे उपभोक्ताओं में असंतोष की स्थिति बनती है।

इस अवसर पर संगठन की ओर से फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन हजारीबाग के जिला अध्यक्ष नंदु प्रसाद को उनके लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पण और योगदान को देखते हुए झारखंड प्रदेश का वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनके चयन पर उपस्थित प्रतिनिधियों ने बधाई दी और आशा जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ओंकार नाथ झा ने सभी डीलरों से एकजुट होकर अपनी समस्याओं को सरकार तक संगठित रूप में पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक का समापन संगठनात्मक एकता और सहयोग की भावना के साथ हुआ।