प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने चेंबर पदाधिकारियों एवं सदस्यों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की दी शुभकामनाएं


हजारीबाग- फेडरेशन ऑफ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, हजारीबाग के पदाधिकारी एवं सदस्य मंगलवार को एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव के साक्षी बने। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों द्वारा रक्षाबंधन से पूर्व उन्हें राखी बांधी गई और पर्व के आध्यात्मिक महत्व को विस्तार से समझाया गया। यह विशेष आयोजन चेंबर अध्यक्ष शंभू नाथ चौधरी के आवास पर आयोजित किया गया, जहां संस्था की ओर से आई बहनों ने आत्मिक संबंधों की मजबूती और मानव जीवन में रक्षा सूत्र के वास्तविक उद्देश्य पर गहन रूप से प्रकाश डाला। कार्यक्रम की शुरुआत बहनों ने बताया कि राखी केवल एक रीति नहीं, बल्कि यह आत्मा की आत्मा से जुड़ाव और एक-दूसरे के लिए शुभभावनाओं एवं शुभ संकल्पों का प्रतीक है। 

इसके बाद बहनों ने उपस्थित सभी लोगों   को प्रेमपूर्वक राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी को ईश्वर के प्रति निष्ठावान रहने, नैतिक मूल्यों को अपनाने और समाज में भाईचारे एवं शांति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।

चेंबर अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी ने इस विशेष आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल हमारी संस्कृति से जुड़ने का अवसर देते हैं, बल्कि मन, विचार और व्यवहार को भी पवित्रता की ओर ले जाते हैं। चैंबर के सचिव राकेश ठाकुर ने कहा कि आज की भागदौड़ और तनावभरी जीवनशैली में ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम आत्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं और एक नई सकारात्मक सोच को जन्म देते हैं।

इस अवसर पर चेंबर के पदाधिकारीगण, सदस्यगण एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। मौके पर चैंबर के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी, सचिव राकेश ठाकुर, उपाध्यक्ष सुबोध अग्रवाल,नीरज अग्रवाल,सहसचिव तारीख अहमद राजा, राज वर्मा,शांतिलाल अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद रहें।