हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने रविवार को अपने सेवा कार्यालय परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 122वें संस्करण को भाजपा पदाधिकारियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ सामूहिक रूप से सुना।
इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर सकारात्मक और विचारोत्तेजक वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने पूरे मनोयोग और आत्मीयता के साथ प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और सराहा।
कार्यक्रम के उपरांत विधायक प्रदीप प्रसाद ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम देश के प्रत्येक नागरिक को जोड़ने वाला संवाद है। उन्होंने बताया कि इस कड़ी में प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और सहकारी संघवाद जैसे ज्वलंत विषयों पर प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए।
प्रधानमंत्री द्वारा ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किए जाने पर विधायक श्री प्रसाद ने कहा कि यह भारत की सैन्य शक्ति, आत्मनिर्भर रक्षा तकनीक और आतंकवाद के खिलाफ मजबूत नीति का प्रतीक है। यह दर्शाता है कि भारत अब किसी पर निर्भर नहीं, बल्कि अपने दम पर निर्णायक कार्यवाही करने में सक्षम है।
प्रधानमंत्री ने गुजरात के गिर वन में शेरों की संख्या में वृद्धि की बात कही, जिस पर विधायक ने इसे सरकार और समाज की साझी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जब सरकारी नीतियां दूरदर्शी होती हैं और समाज सक्रिय भागीदारी निभाता है, तो असंभव भी संभव हो जाता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेते हुए सामाजिक, पर्यावरणीय और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित थे: झारखंड ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव, जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, भाजपा नेता हरिश श्रीवास्तव, दिनेश सिंह राठौर, मनोज सिन्हा, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजकरण पाण्डेय, महिला जिलाध्यक्ष मनोरमा राणा, मंडल अध्यक्ष रणधीर पाण्डेय तथा राजेश ठाकुर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं आम नागरिक।