जिला कांग्रेस कमिटी, हजारीबाग के तत्वावधान में शनिवार को कार्मेल चौक स्थित पैराडाइज रिसॉर्ट में एक भव्य एवं प्रभावशाली जिला स्तरीय संविधान बचाव सभा का आयोजन किया गया। यह आयोजन लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना की रक्षा के उद्देश्य से एक जनजागरण अभियान के रूप में किया गया, जिसमें जिले भर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों ने भाग लिया।
सभा के मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो ने कहा कि आज के समय में संविधान की आत्मा को समझने और उसे जनमानस से जोड़ने की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है।
वहीं, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेता मुन्ना सिंह ने अपने ओजस्वी और भावनात्मक संबोधन में कहा कि भारत का संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी देता है। उन्होंने कहा कि जब लोकतांत्रिक संस्थाएं चुनौतियों से जूझ रही हैं, तब हर नागरिक को सजग रहकर संविधान की रक्षा करनी होगी।
सभा की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार यादव ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से संविधान की मूल भावना को समझने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।
इस अवसर पर संविधान से जुड़े महत्वपूर्ण विषय जैसे सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, समानता तथा मौलिक अधिकारों पर विशेष चर्चा हुई। सभी नेताओं ने एक स्वर में संविधान को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया और यह स्पष्ट किया कि संविधान को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का जोरदार विरोध किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान गाया गया और संविधान के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण का संकल्प दोहराया गया।
इस अवसर पर मौजूद प्रमुख नेता थे: पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जय प्रकाश भाई पटेल, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, प्रदेश एससी मोर्चा अध्यक्ष पासवान, प्रदेश उपाध्यक्ष भीम कुमार, महासचिव विनोद कुशवाहा, ओबीसी नेता सुरजीत नागवाला, रेणु देवी, युवा प्रदेश महासचिव कोमल राज, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष साजिद अली खान, महिला जिला अध्यक्ष बेबी देवी, युवा जिला अध्यक्ष प्रकाश यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश सिंह, महानगर अध्यक्ष मनोज नारायण भगत, तथा मंच संचालनकर्ता संजय तिवारी।
इसके अलावा सभी प्रखंड अध्यक्ष तथा बीस सूत्री कार्यक्रम के पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे।