हजारीबाग की समस्याओं को लेकर सांसद मनीष जायसवाल ने DC से की मुलाकात, एक सप्ताह में समाधान का भरोसा

 


हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को सांसद मनीष जायसवाल और बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने जिला उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात की। उपायुक्त कार्यालय कक्ष में हुई इस बैठक में सड़क, पेयजल, स्टेडियम निर्माण, जाम और व्यवसायियों को मिल रही आपराधिक धमकियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सांसद ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से पहल करने का निर्देश दिया। बरही विधानसभा क्षेत्र में एनएच-19 (जीटी रोड) के बरही चौक, महुदी और रसोइया धमना में लगने वाले जाम, सड़क दुर्घटनाओं और जर्जर सड़क का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर एनएचएआई के परियोजना निदेशक आशुतोष सोनी के साथ चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि शनिवार को उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम इन स्थानों का भौतिक निरीक्षण करेगी। साथ ही बरही की पेयजलापूर्ति योजना को सुचारू करने और स्टेडियम निर्माण पर भी चर्चा हुई।

वहीं सदर विधानसभा क्षेत्र में भारत माता चौक से नगवां बायपास तक सड़क चौड़ीकरण का काम पिछले तीन महीने से बाधित रहने पर सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सुभाष प्रसाद को निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया। इसके लिए विभागीय टेक्निकल सेल और संवेदक के साथ बैठक करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा सिंघानी चौक से सुल्ताना तक सड़क सुदृढ़ीकरण और कटकमसांडी में स्टेडियम निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया।

बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में बड़कागांव चौक पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए बायपास सड़क निर्माण का सुझाव दिया गया। वहीं जिले के व्यवसायियों को लगातार मिल रही आपराधिक धमकियों पर चिंता जताते हुए सांसद ने जिला सुरक्षा समिति की बैठक बुलाने और पीड़ित व्यवसायियों को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

बैठक के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि उपायुक्त के साथ सभी मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है। उपायुक्त ने आगामी एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि बरही की सड़क समस्या पिछले करीब दस वर्षों से लंबित है और हर बरसात में स्थिति और गंभीर हो जाती है। इसके स्थायी समाधान के लिए पहल की जाएगी।

सांसद ने यह भी बताया कि हजारीबाग शहर की मुख्य सड़क राज्य सरकार से एनएचएआई को हस्तांतरित की गई है। ऐसे में जल्द सड़क सुदृढ़ीकरण और बायपास निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

इस मौके पर सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, भूपेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।