दीपावली और छठ पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग का जांच अभियान, मिठाई और तेल के लिए गए नमूने

 


हजारीबाग। दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जांच अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त हेमंत सती एवं संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर 3 नवंबर 2026 को खाद्य सुरक्षा टीम ने सदर अंचल के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और कई खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रह किए।

अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान फ्रंटियर की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से बेसन लड्डू और पेड़ा तथा सक्षम स्वीट्स की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से रसगुल्ला और कलाकंद के नमूने लिए गए। इसके अलावा गोला रोड स्थित विकास स्टोर (गुड्डी स्टोर) से गोपी श्री घी और अंकित जैन स्टोर से कृष्णा सरसों तेल का नमूना संग्रह किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, संग्रह किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में कोई गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, अमरीश पांडे, नवेद अंजुम, श्वेता त्रिपाठी तथा खाद्य सुरक्षा कार्यालय के सूरज कुमार, विकास शर्मा और धनेश्वर कुशवाहा शामिल रहे।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि पर्व-त्योहार के दौरान मिठाई, घी, तेल और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि जरूर जांचें। खाद्य पदार्थों में मिलावट या किसी तरह की अनियमितता की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।