बिरहोर टोला में जिला प्रशासन का विशेष शिविर, परिवारों को मिलीं सरकारी योजनाओं की सुविधाएं


 हजारीबाग के डेमोटांड़ स्थित बिरहोर टोला में बिरहोर परिवारों के समग्र विकास और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से विशेष शिविर लगाया गया। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पहुंचकर परिवारों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल की।

शिविर में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह ने पहुंचकर विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने बिरहोर परिवारों से बातचीत कर उनकी मूलभूत जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।

उप विकास आयुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र के नियमित संचालन में लापरवाही मिलने पर सेविका को फटकार लगाई और नियमित रूप से केंद्र संचालित करने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों के बीच स्वेटर का वितरण किया।

उन्होंने बिरहोर परिवारों के क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत कराने और प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। पेयजल की गुणवत्ता जांचने, पानी से जुड़ी समस्याओं का समाधान 15वें वित्त आयोग की राशि से कराने और बिरहोर टोला के किनारे ट्रेंच निर्माण कराने को भी कहा, ताकि जंगली हाथियों के संभावित हमले से परिवारों की सुरक्षा की जा सके।

वहीं, विद्यालय में बच्चों से संवाद कर उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया गया। स्वास्थ्य विभाग को सभी बिरहोर परिवारों की स्वास्थ्य जांच, विशेषकर एनीमिया और बीपी की जांच कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा परिवारों के बीच कंबल और उन्नत किस्म के कृषि बीजों का वितरण किया गया।

विशेष शिविर में छूटे हुए सदस्यों और बच्चों के जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड बनवाने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। बिजली, पेयजल और आवास से जुड़ी समस्याओं के समाधान के साथ सोलर लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

मौके पर उप विकास आयुक्त रिया सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य बिरहोर परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। प्रशासन उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।