हजारीबाग। सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ हजारीबाग यूथ विंग की ओर से गुरुवार को डेमोटांड़ स्थित बिरहोर बस्ती में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बस्ती में रहने वाले परिवारों और बच्चों के बीच खाद्य सामग्री, पेय पदार्थ, शैक्षणिक सामग्री और दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुओं का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के तहत बच्चों और परिवारों को दूध, ब्रेड, हॉर्लिक्स, जूस, बिस्कुट, मुरी (मूढ़ी) समेत कई खाद्य सामग्री दी गई। वहीं बच्चों की पढ़ाई को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कॉपी, पुस्तक, पेंसिल, रबर और अन्य स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। इसके अलावा तेल सहित दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं भी उपलब्ध कराई गईं। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया।
बढ़ती ठंड को देखते हुए हजारीबाग यूथ विंग की ओर से जल्द ही बस्ती में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन भी दिया गया, ताकि जरूरतमंद परिवारों को ठंड से राहत मिल सके। इस सेवा कार्यक्रम के संयोजक विकास केशरी और रोहित बजाज ने अहम भूमिका निभाई।
संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों को समझना, सहयोग करना और उनके साथ खुशियां बांटना है। सेवा का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब हम जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर आत्मीयता के साथ उनका सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर खुशी देखकर संस्था के सदस्यों को काफी संतोष मिला। संस्था आगे भी सामाजिक और सेवा कार्यों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करती रहेगी।
वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग लगातार सामाजिक सेवा के कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों और बच्चों तक पहुंचने का प्रयास करती रही है। खाद्य सामग्री के साथ शैक्षणिक सामग्री देने का उद्देश्य बच्चों की जरूरतों को पूरा करने के साथ उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निरंतर निभाई जानी चाहिए। संस्था आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम में संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, सचिव रितेश खंडेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, मार्गदर्शक जयप्रकाश खंडेलवाल, संजय कुमार, विकास केशरी, कार्यकारिणी सदस्य राजेश जैन, रोहित बजाज, मोहम्मद ताजुद्दीन, उदित तिवारी, वर्षा डे, सेजल सिंह, प्रीतम सिंह, सप्तऋषि पांडे और केशव खंडेलवाल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
