चौपारण थाना में लंबित कांडों की समीक्षा, अफीम की खेती रोकने और अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश

 


हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने 27 नवंबर 2026 को चौपारण थाना पहुंचकर लंबित कांडों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, चौपारण थाना प्रभारी एवं विभिन्न कांडों के अनुसंधानकर्ताओं के साथ बैठक कर पुराने और नए मामलों की प्रगति की जानकारी ली।

समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ने वर्ष 2026 से पूर्व और वर्तमान में लंबित सभी कांडों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना क्षेत्र में लंबित जमानती और गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती के मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

अफीम की खेती पर रोक लगाने को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जिन स्थानों पर अफीम की खेती की गई थी, वहां संबंधित लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि इस वर्ष किसी भी परिस्थिति में अफीम की खेती नहीं हो। इसके अलावा अफीम की खेती से जुड़े दर्ज मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर कांडों का निष्पादन करने का निर्देश दिया।

संगठित अपराध से जुड़े लंबित मामलों में भी तेजी लाने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, आम लोगों की समस्याओं को थाने में गंभीरता से सुनने और समय पर उनका समाधान करने पर जोर दिया गया।

जमीन विवाद से संबंधित लंबित मामलों की थाना दिवस पर समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार संबंधित अंचलाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी से पत्राचार कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी पुलिस अधीक्षक ने दिया।