बड़कागांव में ब्राउन शुगर के साथ 5 युवक गिरफ्तार, 11 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद

 


हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसे 23 छोटी पुड़िया और प्लास्टिक पैकेट में रखा गया था।

हजारीबाग पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 नवंबर को बड़कागांव थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमाडीह पुल के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने कदमाडीह पुल के पास घेराबंदी की। इसी दौरान एक सफेद कार और मोटरसाइकिल से पहुंचे कुछ युवक वहां बैठकर लेन-देन करते और कागज की पुड़िया बनाते नजर आए। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने मौके से पांच युवकों को पकड़ लिया, जबकि कुछ युवक भागने में सफल रहे।

गिरफ्तार युवकों की पहचान मो० अफताब आलम, मो० राजन अंसारी, मो० अलताफ हुसैन, रविन्द्र कुमार महतो और पवन कुमार के रूप में हुई है। सभी की उम्र लगभग 20 से 27 वर्ष के बीच बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे बड़कागांव क्षेत्र में ब्राउन शुगर की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर एक हजार रुपये प्रति पुड़िया की दर से बेचते थे और खुद भी इसका सेवन करते थे।

इस कार्रवाई में करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा एक स्विफ्ट डिजायर कार, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

छापेमारी अभियान में बड़कागांव थाना प्रभारी पु०अ०नि० दीपक कुमार सिंह, पु०अ०नि० राकेश ख्वास, स०अ०नि० सुरज कुमार मोदी और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।