हजारीबाग के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्थित विशेष भू-अर्जन कार्यालय में कार्यरत अनुसेवक श्री बिजय राम के सेवानिवृत्त होने पर आयुक्त कार्यालय में भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके लंबे सेवाकाल की सराहना की।
श्री बिजय राम ने वर्ष 1989 में अनुसेवक के पद पर अपनी सेवा शुरू की थी। करीब 37 वर्षों तक उन्होंने कार्यालय में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ काम किया।
विदाई समारोह के अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त श्री विजय कुमार गुप्ता ने बिजय राम को सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके दीर्घ, सफल और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि बिजय राम ने अपने लंबे सेवाकाल में ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य किया है। कार्यालय की कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके अनुभव, कार्यकुशलता और सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।
समारोह में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बिजय राम के कार्यकाल की सराहना की और उनके सेवानिवृत्त जीवन के लिए सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर आयुक्त की सचिव सुजाता कुजूर सहित कई वरीय पदाधिकारी और आयुक्त कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे।
