हजारीबाग में बनेगा 300 बेड का आधुनिक जनजातीय छात्रावास, सांसद मनीष जायसवाल ने किया शिलान्यास

 


हजारीबाग शहर के तकिया मजार के समीप स्थित कल्याण विभाग के अनुसूचित जनजाति छात्रावास परिसर में दो मंजिला 300 बेड वाले नए छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। शुक्रवार को धनतेरस के शुभ अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।

डीएमएफटी की राशि से जिला परिषद के माध्यम से बनने वाले इस छात्रावास का उद्देश्य झारखंड के विभिन्न जिलों से हजारीबाग में उच्च शिक्षा प्राप्त करने आने वाले जनजातीय विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है।

शिलान्यास समारोह में सांसद मनीष जायसवाल, जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, नगर निगम के मेयर अरविंद राणा और स्थानीय वार्ड पार्षद अनिल प्रसाद ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान छात्रावास के विद्यार्थियों ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। नए छात्रावास का निर्माण आधुनिक सुविधाओं के साथ कराया जाएगा। इसके लिए करीब 15 महीने में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण के दौरान वर्तमान में रह रहे विद्यार्थियों के वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं, जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और क्षमता का विशेष ध्यान रखने की बात कही। मेयर अरविंद राणा ने इसे विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, सांसद प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, संवेदक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।